जश्न मना रही हैं गिरिडीह की महिलाएं
गिरिडीह (झारखण्ड), 23 नवंबर (आईएएनएस)। पूरा गिरिडीह जिला ही 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) में विजेता रहीं राहत तस्लीम की सफलता का जश्न मना रहा है। यहां की महिलाओं को उन्हीं के बीच की एक महिला के 'करोड़पति' बनने की बेहद खुशी है।
गृहणियां हों या उच्च पदों पर कार्यरत महिलाएं, सभी को उन्हीं के बीच की एक महिला की इस यादगार उपलब्धि की खुशी है।
गिरीडीह उपायुक्त वंदना दलाल ने आईएएनएस से कहा, "हम सभी उनके लिए बहुत खुश हैं और हमें उनकी उपलब्धि पर बहुत गर्व है। उनकी सफलता युवाओं और खासकर शिक्षा के मामले में अक्सर भेदभाव का सामना करने वाली लड़कियों के लिए प्रेरणा है।"
दलाल ने कहा कि वह 37 वर्षीय राहत के मुम्बई से लौटने के बाद उनसे मिली थीं। उन्होंने कहा कि वह राहत को एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका के रूप में नियुक्त किए जाने के लिए सिफारिश करेंगी। राहत दो बच्चों की मां और घरेलू महिला हैं।
गिरिडीह की नगरपालिका अध्यक्ष पूनम प्रकाश भी राहत की इस उपलब्धि से खुश हैं और कहती हैं, "उन्होंने हमें गौरवान्वित किया है। अब लोग जान सकेंगे कि गिरिडीह की महिलाएं कुछ भी कर सकती हैं। हम उन्हें सम्मानित करेंगे।"
राहत केबीसी शो में करोड़पति बनने वाली पहली महिला हैं। वह अपने परिवार की तंगी के चलते डॉक्टरी की पढ़ाई नहीं कर सकी थीं। अब वह शिक्षिका बनना और बच्चों को नैतिक मूल्य सिखाना चाहती हैं।
केबीसी के प्रस्तोता अमिताभ बच्चन ने राहत की इस सफलता के बारे में अपने ब्लॉग पर लिखा है, "बहुत अच्छा राहत, आप न सिर्फ केबीसी के लिए बल्कि देश की महिलाओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनीं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications