घावों को जल्द भरने में मददगार अल्ट्रासाउंड उपकरण
शोधकर्ताओं का कहना है कि उच्च-तीव्रता वाले अल्ट्रासाउंड से जख्मों का इलाज करने पर वे जल्दी स्वच्छ हो जाते हैं और उनकी स्थिति में तेजी से सुधार होने से वे जल्दी भरने लगते हैं।
मधुमेह पीड़ितों में गहरे जख्म होने की समस्या सामान्य है। ऐसे छह में से एक व्यक्ति में ऐसे जख्म बन जाते हैं जो ठीक नहीं होते।
समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक इसके लिए एंटीबायोटिक्स देने से लेकर शल्य चिकित्सा तक कई इलाज किए जाते हैं लेकिन कई मामलों में सप्ताहों, महीनों या साल तक जख्म नहीं भर पाते। कई बार अंग विच्छेदन ही करना पड़ जाता है।
अब अल्ट्रासाउंड इसके इलाज का प्रभावकारी विकल्प साबित हो रहा है। अमेरिका के मायो क्लिनिक में एक अध्ययन में पाया गया है कि सिर्फ पारम्परिक तरीके से इलाज की बजाए इसके साथ अल्ट्रासाउंड के इस्तेमाल से जख्म तेजी से ठीक होते हैं।
बारह सप्ताह तक अल्ट्रासाउंड से इलाज करने के बाद 63 प्रतिशत मरीजों में उनके जख्मों का भराव परम्परागत इलाज वाले मरीजों की तुलना में 50 प्रतिशत की तेजी से हो रहा था। मरीजों को सप्ताह में तीन बार पांच-पांच मिनट के लिए अल्ट्रासाउंड दिया गया था।
वैज्ञानिकों का कहना है कि अल्ट्रासाउंड जख्मों से बैक्टीरिया निकालने का प्रभावकारी तरीका हो सकता है, ये बैक्टीरिया ही जख्मों को ठीक नहीं होने देते हैं। अल्ट्रासाउंड स्वस्थ ऊतकों की और नए बने ऊतकों की रक्षा करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications