इलाहाबाद में परिवार के 3 सदस्यों की हत्या
घटना जिले के करछना थाना क्षेत्र के करैहा गांव की है, जहां कुसुम देवी (50), उनके पुत्र पवन (23) और पुत्री किरन (20) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह 11 बजे तक जब कोई घर के अंदर से बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
करछना के कार्यवाहक थाना प्रभारी राम सनेही यादव ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि तीनों शव घर के अलग-अलग कमरों में पड़े थे। सभी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई। हत्या संभवत: देर रात की गई।
उन्होंने कहा कि हत्या किन लोगों ने किस मकसद से की..यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। घटना की जांच की जा रही है।
घटना के पीछे लूट की आशंका से इंकार करते हुए यादव ने कहा कि घर में सारा कीमती सामान सुरक्षित रखा हुआ था। ऐसे में हत्यारों का मकसद लूट नहीं था।
पुलिस के मुताबिक कुसुम देवी के पति की तीन साल पहले मौत हो चुकी थी। वह अपने एक बेटे और एक बेटी के साथ रहती थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications