ठंड के महीनों में खुले रहेंगे घाटी के स्कूल
स्कूली शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां कहा, "सरकार ने सभी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को जाड़े के महीनों में खोले रखने का निर्णय लिया है। इसके जरिए विद्यार्थियों के नुकसान की भरपाई की जाएगी।"
ज्ञात हो कि घाटी में अशांति के कारण स्कूलों में 11 जून से अक्टूबर के प्रारम्भ तक कक्षाएं नहीं चल पाई थीं। अशांति के दौरान सुरक्षा बलों के साथ संघर्ष में 110 लोग मारे गए थे। प्रशासन ने अलगाववादियों के बंद के आह्वान के बावजूद अक्टूबर के आरम्भ में स्कूलों को फिर से खोल दिया था।
घोर ठंड के कारण घाटी के स्कूल दिसम्बर के अंतिम सप्ताह से मार्च के प्रथम सप्ताह तक ढाई महीने तक बंद रहते हैं।
इस तरह कक्षा नौ, 10, 11 और 12 के विद्यार्थियों को उस कड़ाके की ठंड में भी स्कूल जाना होगा, जब तापमान शून्य से काफी नीचे पहुंच जाता है।
कक्षाओं को गरम रखने के लिए नौ करोड़ रुपये का एक प्रस्ताव पहले ही मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के पास भेजा जा चुका है।
स्कूली शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "10वीं और 12वीं के वे विद्यार्थी जो इस महीने के समाप्त होने से पहले अपनी परीक्षाएं देते हैं, स्कूल उन विद्यार्थियों के लिए उनकी उच्च कक्षाओं के पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए कोचिंग सेंटर के रूप में काम करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications