गृह मंत्रालय के गिरफ्तार अधिकारी की अदालत में होगी पेशी
नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। व्यावसायिक हित वाली संवेदनशील सूचनाओं को कुछ निजी कम्पनियों को कथित रूप से लीक करने के आरोप में गिरफ्तार गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को मंगलवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। यह जानकारी सूत्रों ने दी।
सूत्रों ने कहा कि पश्चिम बंगाल कैडर के प्रशासनिक अधिकारी रवि इंदर सिंह को दिल्ली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस अब सिंह से पूछताछ करने के लिए अदालत से इजाजत मांगेगी। सिंह गृह मंत्रालय में आंतरिक सुरक्षा के निदेशक हैं।
दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए पहले सिंह को हिरासत में लिया और उसके बाद देर शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सिंह पर शक है कि उन्होंने व्यावसायिक हित की सूचनाएं लीक की हैं।
सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, "उन्होंने सूचना का दुरुपयोग किया जो व्यावसायिक महत्व की हो सकती है। लेकिन इसका राष्ट्रीय सुरक्षा से कुछ भी लेना-देना नहीं है।"
आंतरिक सुरक्षा सचिव यू.के.बंसल ने उच्च पदस्थ अधिकारी के इस तरह के मामले में लिप्त होने को लेकर चिंता जाहिर की है।
बंसल ने आईएएनएस को बताया, "यह चिंता का विषय है। हम भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं कर सकते और संदेश स्पष्ट है। दिल्ली पुलिस मंगलवार शाम तक गृह मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।"
1984 बैच के आईएएस अधिकारी सिंह को इस वर्ष फरवरी में आंतरिक सुरक्षा निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया था। वह एक ऐसे विभाग को संभाल रहे थे, जिसके अंतर्गत कई अन्य मामलों के अलावा ब्लैकबेरी विवाद भी शामिल था। हालांकि यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि क्या आरोपी ने खासतौर से ब्लैकबेरी निर्माताओं को सूचना लीक की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications