मध्य प्रदेश विधानसभा बुधवार तक स्थगित
विधानसभा सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल खत्म होते ही शून्य काल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार पर चर्चा कराए जाने की मांग की। कांग्रेस सदस्य अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी के आसन के पास पहुंच कर नारेबाजी करने लगे। हंगामे के चलते रोहाणी ने 10 मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही जैसे ही दोबारा शुरू हुई, कार्यवाहक नेता प्रतिपक्ष चौधरी राकेश सिंह ने भ्रष्टाचार पर चर्चा कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान सहित कई मंत्रियों के खिलाफ लोकायुक्त के समक्ष मामले चल रहे हैं और वे अपने पदों का दुरुपयोग कर जांच को प्रभावित कर रहे हैं।
इस पर उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने व्यवस्था का प्रश्न उठाया, जिस पर दोनों पक्षों में तीखी नोक-झोक हुई। उसके बाद कांग्रेस विधायकों ने अध्यक्ष के सामने जाकर फिर नारेबाजी शुरू कर दी।
विधानसभा अध्यक्ष रोहाणी की कोशिशों के बावजूद जब काग्रेसी विधायक शांत नहीं हुए, तो उन्होंने सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी।
नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि महाराष्ट्र में मात्र आरोप लगने पर कांग्रेस ने अशोक चव्हाण को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया। यहां तो मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों के खिलाफ लोकायुक्त में मामले दर्ज हैं। ऐसे में भाजपा को कांग्रेस का अनुसरण करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications