बिहार चुनाव : मतगणना को लेकर दिग्गजों की धड़कनें तेज
मतगणना के दौरान जिन दिग्गजों पर लोगों की निगाहें होंगी, उनमें जनता दल (युनाइटेड) के मंत्री नरेन्द्र प्रसाद यादव, रेणु कुमारी, जेल में बंद पूर्व सांसद पप्पू यादव की पत्नी एवं कांग्रेस प्रत्याशी रंजीता रंजन, कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष महबूब अली कैसर, जेल में बंद पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी एवं कांग्रेस प्रत्याशी लवली आनंद, पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पूर्व विधायक अजीत सरकार के पुत्र अमित सरकार प्रमुख हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के भाग्य का फैसला भी बुधवार को हो जाएगा। राबड़ी ने दो सीटों (सोनपुर और राघोपुर) से चुनाव लड़ा है। जद (यु) के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी (सरायरंजन), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी (अलीनगर), पूर्व मंत्री एवं कांग्रेसी नेता नागमणि (मोरवा), नीतीश सरकार में मंत्री रहे रामनाथ ठाकुर (समस्तीपुर), शहीद अली खान (सुरसंड) के चुनावी नतीजों पर भी लोगों की निगाहें होंगी।
इस चुनाव में गोपालगंज से भाग्य आजमा रहे पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के साले एवं कांग्रेसी नेता साधु यादव, बरौली से मंत्री रामप्रवेश राय, वैशाली से मंत्री वृषिण पटेल पर भी लोगों की निगाहें होंगी। भागलपुर सीट पर भाजपा के मंत्री अश्विनी चौबे, पटना साहिब से मंत्री नंद किशोर यादव, झाझा से मंत्री दामोदर रावत, अलौली से लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस की हार-जीत भी राज्य की राजनीति के लिए अहम साबित होगी।
जगदीशपुर से मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, गया (नगर) से प्रेम कुमार, हरनौत से हरिनारायण सिंह, फुलवारी से श्याम रजक, मखदुमपुर से मंत्री जीतनराम मांझी, मंत्री अनिल कुमार (टिकारी), मंत्री छेदी पासवान (मोहनिया), विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी (इमामगंज), पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांति सिंह की धड़कने मतगणना को लेकर तेज हो चली हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications