परियोजनाओं को समय पर पूरा करने को बनेगा कैलेंडर : गहलोत
जयपुर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को कहा कि सरकारी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और उनकी लागत में कमी लाने के लिए परियोजनाओं का कैलेंडर तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री अजमेर के पंचशील नगर में नगर सुधार न्यास की तरफ से जवाहरलाल नेहरू शहरी नवीनीकरण मिशन योजना के तहत 61 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से सीवरेज योजना के शिलान्यास के मौके पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पंचायतीराज की तरह ही नगर निकायों को भी अधिक अधिकार देकर सक्षम बनाया जाएगा। सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए ई-गवर्नेस का सहारा लिया जा रहा है।
गहलोत ने कहा कि संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन का लाभ आम जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार कटिबद्घ है। प्रदेश में मात्र जयपुर, अजमेर एवं पुष्कर में ही जवाहरलाल नेहरू शहरी नवीनीकरण मिशन योजना के तहत कार्य हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसके अन्तर्गत समस्त योजनाएं समय पर पूरा करने के लिए वे इनका स्वयं निगरानी करेंगे।
केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सचिन पायलट ने सीवरेज योजना को शहर की काया पलटने वाला बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications