प्रधानमंत्री ने साईं बाबा की तारीफ की
श्री सत्य साईं उच्च शिक्षा संस्थान के 29वें दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्य दूसरों के लिए एक उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा, "आंध्र प्रदेश के सूखाग्रस्त जिलों के 731 गांवों के लोगों की मदद के लिए इस संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यो से मैं बेहद प्रभावित हूं। इसके अलावा संस्थान द्वारा पूर्वी और पश्चिमी गोदावरी जिलों में विश्वसनीय जल आपूर्ति योजना संचालित की जा रही है।"
प्रधानमंत्री ने सामान्य अस्पतालों में बहु विशेषज्ञता अस्पताल केंद्रों के अलावा मोबाइल मेडिकल वेन्स द्वारा गरीब वर्ग के लोगों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की भी तारीफ की।
युवाओं को मूल्य आधारित शिक्षा देने की जरूरत पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्य साईं संस्थान ने लीक से हटकर काम किया है।
डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा प्राप्त इस संस्थान का यह दीक्षांत समारोह बाबा के जन्मदिवस के समय आयोजित किया गया है।
दीक्षांत समारोह में आंध्रप्रदेश के राज्यपाल ई. एस. एल. नरसिम्हन, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के. रोसैया, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा, तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री स्टालिन, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और अन्य हस्तियां मौजूद थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications