येदियुरप्पा अड़े, सोमवार सुबह भी नहीं पहुंचे दिल्ली
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुके राज्य के दो मंत्रियों, आर.अशोक और वी.एस.आचार्य ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि मंगलवार तक इस मुद्दे को सुलझा लिया जाएगा।
आचार्य को येदियुरप्पा का विश्वासपात्र माना जाता है। उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
नई दिल्ली में राज्य सरकार के विशेष प्रतिनिधि और येदियुरप्पा के एक दूसरे विश्वासपात्र वी.धनंजय कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि यह बात बिल्कुल निराधार है कि मुख्यमंत्री को सोमवार सुबह 11 बजे तक इस्तीफा देने के लिए कह दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक इस मुद्दे पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
अशोक ने हालांकि कुछ स्पष्ट नहीं किया, लेकिन उन्होंने कहा, "हमने गडकरी को पूरा विवरण दे दिया है। हमारे नेता येदियुरप्पा से एक बार फिर बातचीत करेंगे और मामला मंगलवार तक साफ हो जाएगा।" अशोक का नाम भी येदियुरप्पा के सम्भावित उत्तराधिकारी के रूप में चर्चा में है।
आचार्य ने कहा कि येदियुरप्पा गडकरी से मुलाकात करने के लिए सोमवार शाम तक नई दिल्ली पहुंचेंगे।
गडकरी ने रविवार को कहा था कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने येदियुरप्पा के बारे में कोई निर्णय लेने के लिए उन्हें अधिकृत किया है।
इधर, बेंगलुरू में येदियुरप्पा ने सोमवार सुबह की अपनी दिल्ली यात्रा स्थगित कर पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्ती चले गए। वहां वह सत्य साई बाबा के जन्मदिवस समारोह में हिस्सा ले रहे हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान यह दूसरा वाकया है, जब येदियुरप्पा ने अपनी दिल्ली यात्रा स्थगित की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications