बदलाव के कयासों के बीच दिल्ली जाएंगे रोसैया
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों के अनुसार रोसैया फिलहाल अनंतपुर जिले के पुट्टपर्ती कस्बे में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ सत्य साई बाबा के जन्मदिन समारोह में हिस्सा ले रहे हैं। वह मंगलवार सुबह बेंगलुरू होते हुए दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
समझा जाता है कि केंद्रीय नेतृत्व ने साक्षी टेलीविजन चैनल द्वारा कथित निंदनीय रपटों के प्रसारण के बाद राज्य के ताजा हालात पर चर्चा करने के लिए रोसैया को तलब किया है। साक्षी चैनल राज्य के दिवंगत मुख्यमंत्री वाई.एस.राजशेखर रेड्डी के बेटे जगनमोहन का है।
रोसैया के इस दौरे को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि केंद्रीय नेतृत्व यह सोचता है कि कोई नया नेता जगन तथा पृथक तेलंगाना की मांग पर श्रीकृष्ण समिति की रिपोर्ट से पैदा होने वाले हालात से प्रभावी तरीके से निपट सकता है तो रोसैया केंद्रीय नेतृत्व को यह मौका सुलभ कराने के लिए पद छोड़ने का प्रस्ताव दे सकते हैं ताकि वह उनका उत्तरवर्ती चुन सके।
समिति अगले महीने अपनी रिपोर्ट सौंपने वाली है और तेलंगाना समर्थक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि समिति पृथक तेलंगाना के गठन की सिफारिश नहीं करती तो राज्य में खून की होली होगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने हालांकि कहा है कि रोसैया की दिल्ली यात्रा एक सामान्य यात्रा है। सूत्रों ने कहा कि कुछ समय पहले सोनिया गांधी से मिलने का समय मांगा गया था।
ज्ञात हो कि साक्षी चैनल ने शनिवार को एक कार्यक्रम प्रसारित किया था, जिसमें सोनिया गांधी को फीका वक्ता बताया गया था, जिनके नेतृत्व में पार्टी कई राज्यों में अपनी जमीन खोती जा रही है। कार्यक्रम में यह भी प्रसारित किया गया था कि सरकार 2जी स्पेक्ट्रम और राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार का सामना कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications