कार्बन डाईऑक्साइड के उत्सर्जन में फिर तेजी
ब्रिटेन स्थित एक्जेटर और ईस्ट एंगलिया विश्वविद्यालयों तथा अन्य वैश्विक संस्थानों द्वारा किया गया यह अध्ययन ग्लोबल कार्बन प्रोजेक्ट द्वारा तैयार किए गए वार्षिक कार्बन बजट अपडेट का हिस्सा है।
अध्ययन के लेखकों ने पाया है कि पिछले वर्ष दुनिया में बड़े वित्तीय संकट के बावजूद जीवाश्म ईंधन के जलने से होने वाला वैश्विक कार्बन उत्सर्जन 2009 में 2008 के आकड़े से मात्र 1.3 प्रतिशत कम था। उत्सर्जन में यह गिरावट एक वर्ष पूर्व लगाए गए अनुमान से आधा है।
एक्जेटर और ईस्ट एंगलिया की ओर से जारी बयान के अनुसार वश्विक वित्तीय संकट ने पश्चिमी अर्थव्यवस्थाओं को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है, जिसके कारण कार्बन डाईऑक्साइड उत्सर्जन में भारी कमी हुई है। उदाहरण के तौर पर ब्रिटेन में 2008 की बनिस्बत 2009 में कार्बन उत्सर्जन 8.6 प्रतिशत कम था।
'नेचर जीयोसाइंस' पत्रिका के अनुसार अमेरिका, जापान, फ्रांस, जर्मनी, और अन्य अति औद्योगीकृत राष्ट्रों में भी यही स्थिति हैं।
लेकिन उभरती अर्थव्यवस्थाओं ने वित्तीय संकट के बावजूद जोरदार आर्थिक प्रदर्शन किया है, और कार्बन डाईऑक्साइड उत्सर्जन में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज कराई है। चीन में उत्सर्जन में आठ प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है, तो भारत में 6.2 प्रतिशत से अधिक।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications