राजद-लोजपा गठबंधन की होगी जीत : लालू
पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए लालू ने कहा कि बिहार का विकास नहीं हुआ है। विकास तो दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कुछ दिग्गज और राज्य के कुछ पत्रकारों ने मिलकर बिहार का विकास करवा दिया है। यही लोग एग्जिट पोल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को जीत भी दिला रहे हैं।
उन्होंने एग्जिट पोल को पूरी तरह बकवास बताते हुए कहा कि यह चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का प्रयास है। लालू ने दावा किया कि राजद और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) गठबंधन की सरकार बननी तय है। उन्होंने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ स्वार्थी लोगों के कारण मीडिया पर से लोगों का भरोसा उठ गया है और इसका नाश हो रहा है।
राजद अध्यक्ष ने कहा कि वह उस आचरण के व्यक्ति नहीं हैं, जो शिवसेना करती है या कभी मुलायम सिंह यादव और मायावती ने किए थे। हां मीडिया के लोगों के ऐसे आचरण से दुख जरूर होता है।
लालू ने निष्पक्ष एवं स्वच्छ चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग की प्रशंसा की और आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजग का ग्राफ नीचे चला गया है। लिहाजा उनके जीतने का सवाल ही नहीं उठता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications