राजस्थान मण्डप में अब तक 25 लाख रुपये का व्यवसाय
नई दिल्ली, 21 नवम्बर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 30 वें अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में राजस्थान के हस्तशिल्प सामान की जबर्दस्त बिक्री हो रही है। अब तक यहां 25 लाख रुपये से भी अधिक मूल्य का सामान बिक चुका है।
राजस्थान मंडप के निदेशक ए.के.सिंह ने बताया कि राजस्थान मण्डप में अब तक 25 लाख रुपये से भी अधिक मूल्य का सामान बिक चुका है जिसमें अकेले राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड के उपक्रम 'राजस्थली' ने सप्ताह के अंत तक करीब 15 लाख रुपये की बिक्री कर ली थी।
राजस्थान मंडप में विशेषकर हल्के वजन एवं गर्म मिजाज की जयपुरी रजाइयों, राजस्थानी प्रिंट की साड़ियों तथा अन्य वस्त्रों के साथ राजस्थान के लाख की चूड़ियां, श्रृंगार के अन्य साजो-सामान और राजस्थानी मोजड़ियों (जूतियां) की मांग सबसे अधिक है।
इसके अलावा राजस्थान की तिल पापड़ी, गजक, बीकानेर के मशहूर पापड़, नमकीन- भुजिया, डिब्बा बंद मिष्ठान, चूर्ण, मसाले, सूखी सब्जियां, कैर सांगरी और राजस्थानी व्यंजनों दाल- बाटी- चूरमा, बेसन गट्टे, प्याज, मूंग की दाल और मीठी कचौड़ियां आदि की खूब बिक्री हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications