उत्तर प्रदेश में 20 प्रतिशत बढ़ सकता है चीनी उत्पादन
लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में चीनी का उत्पादन इस साल 20 प्रतिशत बढ़कर 60 लाख टन होने की उम्मीद है।
प्रदेश के गन्ना उत्पादक पश्चिमी क्षेत्र में चीनी मिलों में उत्पादन कार्य समय से शुरू होने के कारण चीनी आयुक्त कामरान रिजवी उत्पादन में वृद्धि को लेकर आश्वस्त हैं।
रिजवी ने आईएएनएस से कहा, "इस साल हमें प्रदेश में करीब 62 लाख टन चीनी उत्पादन की उम्मीद है जो कि पिछले साल के 51 लाख टन के उत्पादन से ज्यादा है।"
उत्पादन में यह वृद्धि गन्ने का रकबा बढ़ने के कारण हुई है। वर्ष 2006 से 2008 के बीच गन्ने के बुआई रकबे में खासी कमी आई थी।
रिजवी ने कहा, "प्रदेश में 35 नई चीनी मिलें शुरू होने के बाद वर्ष 2006-07 में चीनी का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ था जिससे चीनी के दामों में भारी गिरावट आई थी और चीनी मिलों ने प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित गन्ना समर्थन मूल्य को न्यायालय में चुनौती दी थी।"
उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रदेश की कुछ मिलों में 23 अक्टूबर के बाद से उत्पादन शुरू हो गया है। दिसम्बर के पहले सप्ताह तक प्रदेश की सभी 128 मिलों में उत्पादन शुरू हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications