बब्बर खालसा आतंकवादी की नार्को जांच की इजाजत नहीं
होशियारपुर (पंजाब), 21 नवंबर (आईएएनएस)। एक स्थानीय अदालत ने शनिवार को बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकवादी माखन सिंह की नार्को जांच कराने की पंजाब पुलिस की याचिका खारिज कर दी।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी 'इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस' के निकट सहयोगी माखन सिंह को उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया था। माखन इस समय पंजाब पुलिस की हिरासत में है।
होशियारपुर के उप पुलिस अधीक्षक जी.एस. परमार ने शनिवार को बताया, "न्यायालय ने नार्को जांच की अनुमति देने से इंकार कर दिया है। माखन का पाकिस्तान के साथ गहरे संपर्क हैं और उसने अभी अपने संबंधों का विवरण नहीं दिया है। हम जांच में उससे जानकारियां लेने की कोशिश करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष के जनवरी में माखन और उसके साथी करणबीर सिंह ने होशियारपुर में संत प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि माखन पाकिस्तान में करीब 10 वर्षो तक रहा है और उसने वहां आतंकवादियों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications