भारत ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम का समर्थन करेगा : राव
'भारत एवं खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) देश, ईरान और इराक : उभरती सुरक्षा संभावनाएं' विषय पर विश्व मामलों की भारतीय परिषद द्वारा आयोजित सम्मेलन में राव ने कहा, "ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भारत का रुख स्पष्ट रहा है। हम ईरान सहित सभी देशों में अंतर्राष्ट्रीय प्रावधानों के अनुरूप परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग का समर्थन करते हैं।"
इस दो दिवसीय सम्मेलन में भारत और खाड़ी देशों के करीब 100 प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन का उद्घाटन शनिवार को उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने किया था।
जीसीसी देशों में बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।
राव ने कहा कि हिंद महासागर में समुद्री डकैती की समस्या निरंतर बढ़ती जा रही है और यह बड़ी चुनौती बन सकती है। उन्होंने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ इस समस्या से निपटने के लिए संघर्ष में शामिल होने के लिए तैयार है।
राव ने स्थिर और शांतिपूर्ण अफगानिस्तान और फिलिस्तीन की जरूरत पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा, "अफगानिस्तान में स्थिरता, सरकार में लोगों का भरोसा, शांति, लोकतंत्र और समृद्धि सभी देशों के हित में है।"
राव ने कहा कि फिलिस्तीन का मसला दोनों क्षेत्रों के लिए चिंता का विषय है, इस स्थिति को जल्द से जल्द सुधारा जाना चाहिए। हम फिलिस्तीनियों को संप्रभुता, स्वतंत्रता, व्यवहार्य और सम्मानजनक जीवन और इजराइल के साथ शांति की प्रतिबद्धता को अपना समर्थन जारी रखेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications