पाकिस्तान में ड्रोन हमले में 6 आतंकवादी ढेर (लीड-1)
इस्लामाबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की सीमा से लगे पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान इलाके में रविवार को अमेरिकी ड्रोन हमलों में कम से कम छह संदिग्ध आतंकवादी मारे गए।
'दुनया टीवी' की रिपोर्ट के मुताबिक एक पायलट रहित अमेरिकी ड्रोन लड़ाकू विमान ने कबायली इलाके के मीराली गांव में एक वाहन को निशाना बनाकर दो मिसाइलें दागीं। हमले में किसी कुख्यात आतंकवादी के मारे जाने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसमें सवार सभी छह लोग मारे गए।
ज्ञात हो कि 19 नवंबर को इसी तरह के हमले में हक्कानी नेटवर्क के वरिष्ठ नेता मुफ्ती अली मोहम्मद सहित तीन अन्य आतंकवादियों को मार गिराया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2004 से पश्चिमोत्तर कबायली इलाके में 200 से अधिक अमेरिकी ड्रोन हमलों में 1,670 से अधिक संदिग्ध आतंकवादी मारे जा चुके हैं। इनमें तालिबान प्रमुख बैतुल्लाह मसूद भी शामिल है। इस साल 100 से अधिक ड्रोन हमलों में 700 से अधिक संदिग्ध आतंकवादी मारे गए हैं।
उधर, अमेरिका ने पाकिस्तान से दक्षिण पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में ड्रोन हमले करने की अनुमति मांगी है। पाकिस्तान ने उसके अनुरोध को खारिज कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications