ओबामा के दौरे से अमेरिकी व्यापारिक हितों का संवर्धन : माकपा
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने रविवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे का लक्ष्य अमेरिका के व्यापारिक और वाणिज्यिक हितों का संरक्षण करना और मनमोहन सिंह सरकार को अमेरिकी भू-राजनैतिक रणनीति में शामिल करना था।
माकपा ने अपनी केंद्रीय समिति की बैठक के बाद जारी बयान में कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दौरे का उद्देश्य अमेरिका के व्यापारिक एवं वाणिज्यिक हितों का संरक्षण और भारत से सैन्य एवं सुरक्षा संबंध स्थापित करना था।"
बयान में कहा गया, "दौरे के बाद जारी संयुक्त बयान में अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कम्पनियों के लिए भारतीय कृषि एवं खुदरा क्षेत्र को खोलने की बात कही गई। यह देश के करोड़ों छोटे एवं सीमांत किसानों और खुदरा कारोबारियों के हितों को नुकसान पहुंचाएगा। संयुक्त बयान में बड़ी मात्रा में अमेरिका से हथियार खरीदने और करीबी रक्षा एवं सुरक्षा संबंध स्थापित करने की बात कही गई।"
माकपा ने कहा कि सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता प्राप्त करने के लिए मनमोहन सरकार अमेरिका की भू-राजनैतिक रणनीति के अनुरूप कदम उठाने को तैयार हुई है लेकिन इस सदस्यता को प्राप्त करने के लिए निकट भविष्य की कोई रूपरेखा तय नहीं की गई है।
पार्टी ने बहु उत्पाद खुदरा कारोबार को विदेशी कम्पनियों के लिए खोलने के प्रति सरकार को चेतावनी दी।
पार्टी ने कहा, "वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय इस कारोबार को विदेशी कम्पनियों के लिए खोलने के प्रयास कर रहा है। केंद्रीय समिति ने निर्णय लिया है कि वह सरकार के इस कदम के खिलाफ छोटे कारोबारियों और जनता को जागरूक करेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications