सोनिया पर चैनल की टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन
बीते शुक्रवार को कांग्रेस सांसद वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी के टेलीविजन चैनल 'साक्षी' ने अपनी एक रिपोर्ट में सोनिया को 'लचर नेतृत्व' और 'बेअसरदार वक्ता' ठहराया और मनमोहन सिंह को 'नाम का प्रधानमंत्री' करार दिया था।
राजधानी के बंजारा हिल्स में 'साक्षी' के दफ्तर के सामने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे और जगनमोहन से माफी मांगने की मांग की। जगनमोहन एक मीडिया संस्थान का संचालन करते हैं। संस्थान चैनल के अलावा इसी नाम से एक समाचार पत्र भी प्रकाशित करता है।
कांग्रेस पार्टी का झंडा और सोनिया का पोस्टर लिए कार्यकर्ताओं ने समाचार पत्र की प्रतियां जलाईं और सड़क जाम किया।
पुलिस ने पूर्व दिवंगत मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी के बेटे जगमोहन के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डी. नागेंदर और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के. वेंकट रेड्डी ने वाई. एस. राजशेखर की मूर्ति के नीचे बैठकर 'साक्षी' के खिलाफ प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि तेलुगू चैनल और समाचार पत्र 'साक्षी' ने शनिवार को राष्ट्रमंडल खेलों और 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला के मामले में सोनिया के नेतृत्व को लेकर आलोचना की थी। चैनल पर यह कार्यक्रम शुक्रवार रात में प्रसारित किया गया था।
उधर, कांग्रेस आलाकमान ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य इकाई प्रमुख डी. श्रीनिवास से रिपोर्ट मांगी है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस मामले में दिल्ली में कांग्रेस कोर कमेटी रविवार शाम चर्चा कर सकती है। हालांकि 'साक्षी' के कार्यकारी अधिकारी प्रियदर्शिनी राम ने पार्टी आलाकमान के खिलाफ टिप्पणी किए जाने से इंकार किया है।
उन्होंने साफ किया है कि,"सोनिया के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पड़ावों और मीडिया रिपोर्ट के बारे में कार्यक्रम का प्रसारण किया गया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications