दिल्ली हादसा : पीड़ितों को कानूनी मदद देगी भाजपा
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि वह पूर्वी दिल्ली में इमारत हादसे के पीड़ितों को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी। इस हादसे में कम से कम 69 लोगों की मौत हो गई और 82 घायल हुए थे।
भाजपा दिल्ली इकाई के प्रमुख विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि न्यायालय में पीड़ितों का पक्ष कमजोर न पड़े इसके लिए पार्टी उन्हें मुफ्त में वकीलों का एक दल उपलब्ध कराएगी। इससे पीड़ितों को न्याय मिल सकेगा।
ज्ञात हो कि गत 15 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के ललिता पार्क में एक पांच मंजिली इमारत गिरने से कम से कम 69 लोगों की मौत हो गई। इनमें बिहार और पश्चिम बंगाल के कामगार रहते थे।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इमारत के मालिक अमृतपाल सिंह को 'कुछ कांग्रेस नेताओं' और पुलिस का समर्थन है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि न्यायालय में मामले को कमजोर करने के लिए उनकी तरफ से प्रयास किए जा सकते हैं।
गुप्ता ने कहा कि इसे देखते हुए पार्टी ने इस मामले की न्यायालय में सुनवाई और पुलिस जांच की निगरानी करने का फैसला किया है। पार्टी अमृतपाल सिंह और उसकी कांग्रेस नेताओं से निकटता के बारे में भी पता लगाएगी।
गुप्ता ने कहा कि अपने राजनीतिक हितों को देखते हुए दिल्ली सरकार राजधानी की करीब 1,700 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित नहीं कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications