प्रतिबंधों में कमी चाहते हैं भारत, पाकिस्तान के कारोबारी
रोहित वैद
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 30 वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल भारत और पाकिस्तान के कारोबारियों का कहना है कि दोनों देशों के बीच व्यापार की बाधाएं कम होनी चाहिए और एक दूसरे के बाजारों में पहुंच बढ़ाई जानी चाहिए।
पाकिस्तान के फेडरेशन ऑफ पाकिस्तान चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के सहायक सचिव मजहर मुफ्ती ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार की भारी संभावनाएं हैं।
मुफ्ती ने आईएएनएस से कहा, "आपसी व्यापार की बड़ी संभावनाएं हैं क्योंकि हमें भारतीय उत्पादों की जरूरत है। यह हमारे लिए जरूरी है और इससे भारतीय व्यापारियों को पाकिस्तान के बाजार में पहुंच मिलेगी।"
उन्होंने कहा कि आयात और निर्यात के लिए उत्पाद सूची तय करने जैसे कदमों से दोनों देशों के लोगों के हितों को चोट पहुंचती है।
उन्होंने कहा, "हम फिलहाल सब्जियों से लेकर अन्य उत्पादों तक काफी चीजें आयात कर रहे हैं लेकिन इस तरह के प्रतिबंधों से लोगों के हितों को नुकसान होता है।"
मुफ्ती ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ने से रोजगार में वृद्धि होगी, कीमतों पर नियंत्रण रहेगा और दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों में सुधार होगा।
भारतीय व्यापारियों ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त किए। मेले में स्टाल लगा रहे रमेश तिवारी ने कहा कि खुदरा क्षेत्र के उत्पादों के साल भर आपसी व्यापार की छूट दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, "अभी साल में एक बार ऐसा मंच उपलब्ध होता है लेकिन यदि साल भर ऐसा करने की अनुमति होगी तो यह दोनों देशों के लिए लाभदायक होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications