बिहार चुनाव : लालू को सरकार बनाने का भरोसा
एक संवाददाता सम्मेलन नें लालू प्रसाद यादव ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि बिहार में अगली सरकार राजद और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की बनेगी। चुनाव बाद का सर्वेक्षण गलत साबित होने जा रहा है।"
उन्होंने कहा, "राजद-लोजपा गठबंधन सत्ता में आ रहा है। चुनाव बाद के सर्वेक्षण पर विश्वास न करें।"
राजद प्रमुख ने बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन की जीत दर्ज करने की टेलीविजन चैनलों की भविष्यवाणी को आड़े हाथ लिया।
लालू ने कहा, "यह एक सुनियोजित मनोवैज्ञानिक लड़ाई और करोड़ों मतदाताओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की साजिश है।"
उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव पर दिखाए गए टेलीविजन चैनलों के कार्यक्रम समाचार नहीं बल्कि विचार थे। उन्होंने कहा कि चुनाव बाद कराए गए सर्वेक्षणों के लिए 'भुगतान' किया गया था।
उन्होंने कहा, "चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राजद और लोजपा ने फैसला किया है कि उनका एक शिष्टमंडल चुनाव आयोग से मिलकर चुनाव परिणाम की भविष्यवाणी करने पर रोक लगाने का अनुरोध करेगा।"
उल्लेखनीय है कि राज्य में मतगणना बुधवार को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications