हसीना का 3 देशों का दौरा बाघ, परमाणु संयंत्र पर केंद्रित
ढाका, 21 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना रविवार को तीन देशों के दौरे पर निकलीं। रूस, बेल्जियम और जापान के अपने दौरे के दौरान हसीना बाघों पर आयोजित एक सम्मेलन में हिस्सा लेंगी और देश में निवेश व एक परमाणु विद्युत संयंत्र स्थापित करने पर चर्चा करेंगी।
हसीना द्वारा पद्मा नदी पर एक पुल बनाने के लिए निवेश आकर्षित करने और सहायता हासिल करने की उम्मीद है। इस पुल के बन जाने से उत्तरी व दक्षिणी बांग्लादेश के बीच आवागमन आसान हो जाएगा।
हसीना सेंट पीट्सबर्ग में बाघों को बचाने को लेकर सोमवार से शुरू हो रहे एक सम्मेलन में हिस्सा लेंगी। इस सम्मेलन में अन्य देशों के सरकार प्रमुख भी हिस्सा लेंगे।
वह बाघों के प्राकृतिक पर्यावास पर एक उच्चस्तरीय चर्चा में हिस्सा लेंगी और इस मुद्दे पर एक सत्र को सम्बोधित करेंगी। वह सम्मेलन के इतर मौके पर रूसी प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगी।
अधिकारियों ने कहा कि वह एक परमाणु विद्युत संयंत्र स्थापित करने में रूस की सहायता हासिल करने की कोशिश करेंगी, इसके लिए इस वर्ष के प्रारम्भ में एक आपसी समझौते पर हस्ताक्षर हो चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications