विदेशी निवेशकों ने 25 हफ्ते बाद शुद्ध बिकवाली की
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक 19 नवम्बर को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 8.82 करोड़ डॉलर की शुद्ध बिकवाली की है। एफआईआई ने 28 मई को समाप्त सप्ताह के बाद से पहली बार शुद्ध बिकवाली की है।
मई महीने में एफआईआई ने 2.39 अरब डॉलर की शुद्ध बिकवाली की थी।
इसके बाद से विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारतीय बाजार में खरीदारी लगातार बढ़ती गई। शुक्रवार को बाजार बंद होने तक भारतीय बाजारों में विदेशी निवेशकों का निवेश 28.59 अरब डॉलर रहा।
2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले पर राजनीतिक उबाल के चलते बाजार में गिरावट का रुख बना है। पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से संसद की कार्यवाही बाधित है।
इस सप्ताह बाजार में भारी उतार-चढ़ाव रहा है। देश की प्रमुख लेखांकन संस्था नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 2जी स्पेक्ट्रम का आवंटन मनमाने ढ़ंग से किया गया जिससे देश को 1.76 लाख करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है। इसके चलते दूरसंचार मंत्री ए. राजा ने इस्तीफा दिया।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 571.45 अंक (2.84 प्रतिशत) गिरकर 19,585.44 अंक पर बंद हुआ। शुक्रवार को सेंसेक्स में 345 अंक की गिरावट आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications