राजा के लिए चार्ल्स नहीं, विलियम हैं पहली पसंद : सर्वेक्षण
यह सर्वेक्षण स्थानीय समाचार पत्र 'द संडे टाइम्स' और सर्वेक्षण एजेंसी 'यू गोव' ने मिलकर किया है। इसके अनुसार ब्रिटेन के अधिकांश लोगों का मानना है कि राजकुमार विलियम अपने पिता चार्ल्स से कहीं बेहतर राजा साबित होंगे।
सर्वेक्षण में कहा गया है कि सिर्फ 15 फीसदी लोग चार्ल्स को राजा देखना चाहते हैं। दूसरी ओर 56 फीसदी लोगों का कहना है कि राजा के रूप में विलियम उनकी पहली पसंद हैं। विलियम 28 साल के हैं और हाल ही में उन्होंने अपनी दोस्त केट मिटलेटन से शादी करने का ऐलान किया है।
चार्ल्स और राजकुमारी डायना के बड़े बेटे विलियम की प्रस्तावित शादी के बारे में लोगों ने कहा, "केट एक सामान्य परिवार की लड़की हैं। ऐसे में दोनों की शादी के बाद ब्रिटेन में राजशाही आधुनिक विश्व के मद्देनजर और भी वास्तविक नजर आएगी।"
सर्वेक्षण में लोगों से प्रत्यक्ष तौर पर पूछा गया कि क्या विलियम के लिए चार्ल्स को खुद रास्ता बना देना चाहिए? इसके जवाब में 44 फीसदी लोगों ने कहा कि राजकुमार चार्ल्स को ऐसा करना चाहिए जबकि 37 फीसदी लोगों का उत्तर न में रहा।
वैसे ब्रिटेन में इन दिनों में विलियम और केट की प्रस्तावित शादी की खासी चर्चा है। इस सर्वेक्षण में शामिल लगभग 70 फीसदी लोगों ने कहा कि इस शादी में चार्ल्स-डायना के विवाह से ज्यादा सादगी होनी चाहिए और खर्च का पूरा वहन चार्ल्स को ही करना चाहिए। चार्ल्स और डायना की शादी वर्ष 1981 में हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications