बिहार चुनाव : 11 बजे तक 18 फीसदी मतदान, लोग उत्साहित
राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक दिन के 11 बजे तक 18 प्रतिशत मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। इसमें सबसे ज्यादा औरंगाबाद जिले में अब तक जहां 21़ 2 प्रतिशत जबकि गया में 18़ 6 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है।इस बीच गया जिले के इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के देवचंडी इलाके के मतदान केन्द्र संख्या 69 पर पुलिस ने एक बम बरामद किया है जबकि इसी जिले के डोभी थाना क्षेत्र में एक सूखी नदी में बारूदी सुरंग विस्फोट होने से दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गये हैं।
इधर, रोहतास जिले के कैमूर पहाड़ी पर तारडीह गांव के पास नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ की सूचना है। राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि इस मुठभेड़ में अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ स्थल पर जिले के पुलिस अधीक्षक और विशेष कार्य बल के जवानों को हेलीकॉप्टर द्वारा भेजा गया है।सुरक्षा के दृष्टिकोण से नक्सल प्रभावित 26 में से 18 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से तीन बजे तक जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से पांच बजे तक मतदाता हो सकेंगे।
नीलमणि ने बताया कि गया और औरंगाबाद जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर जबकि रोहतास, कैमूर, एवं बक्सर जिले के 90 से 95 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण करवाने के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किये गये हैं।नीलमणि ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के चार हेलीकॉप्टर एम आर-17 और ध्रुव से मतदान वाले क्षेत्रों पर निगरानी रखी जा रही है। सभी हेलीकॉप्टरों पर विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के कमांडों और बीएसएफ के जवान तैनात हैं। राज्य से सटे झारखण्ड और उत्तर प्रदेश की सीमा को सील कर दिया गया है।
नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार का पूर्व में ही ऐलान कर रखा है। छठे चरण के चुनाव में जिन दिग्गजों के भाग्य का फैसला होने वाला है उसमें विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, विधानसभा में प्रतिपक्ष के उपनेता शकील अहमद, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांति सिंह, राजद के प्रवक्ता इलियास हुसैन, शकील अहमद खान, नीतीश सरकार के मंत्री अवधेश नारायण सिंह, अनिल कुमार, छेदी पासवान के अलावा ददन पहलवान प्रमुख हैं।













Click it and Unblock the Notifications