भर्ती परीक्षा स्थगित करने के खिलाफ रायलसीमा में प्रदर्शन
सीमा-आंध्र संयुक्त कार्य समिति (जेएसी) की अपील पर क्षेत्र में अधिकतर कॉलेज और अन्य संस्थान बंद रहे। जेएसी तेलंगाना को अलग राज्य का दर्जा देने का विरोध कर रही है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार पर आरोप लगाया कि तेलंगाना समर्थकों के दबाव में आकर सरकार पुलिस भर्ती परीक्षा को टाल रही है।
पुलिस ने जबरदस्ती दुकान बंद करा रहे दर्जन भर छात्रों को गिरफ्तार किया।
विशाखापत्तनम में आंध्रा विश्वविद्यालय, गुंटूर में नागार्जुन विश्वविद्यालय, तिरुपति में श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय और अनंतपुर में श्रीकृष्णदेवराय विश्वविद्यालय के छात्रों ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
छात्र समूहों के दबाव में क्षेत्र के मंत्रियों ने राज्य के गृहमंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी से मुलाकात की और बिना उनसे मशविरा किए परीक्षा को स्थगित करने के फैसले पर आपत्ति जताई। गृह मंत्री तेलंगाना क्षेत्र से हैं।
गृहमंत्री ने छात्रों से शांति स्थापित करने की अपील की और कहा कि जल्द से जल्द परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पुलिस उप-निरीक्षक की भर्ती परीक्षा 18-19 दिसंबर को पूर्व निर्धारित थी। लेकिन तेलंगाना समर्थकों के गुरुवार के प्रदर्शन के दबाव में आकर सरकार ने परीक्षा को शुक्रवार को स्थगित कर दिया। तेलंगाना समर्थकों का कहना था कि हैदराबाद को मुक्त क्षेत्र बनाने के मसले को सुलझाए बिना परीक्षा आयोजित करने से स्थानीय लोगों के साथ अन्याय होगा।
इससे तेलंगाना समर्थकों ने तो प्रदर्शन वापस ले लिया लेकिन राज्य के दूसरे हिस्से में प्रदर्शन फूट पड़ा।
सर्वोच्च न्यायालय ने पिछले साल हैदराबाद को मुक्त क्षेत्र घोषित किया था, जहां राज्य के दूसरे हिस्से के लोगों को भी सरकारी नौकरी पाने का अधिकार दिया गया था।
तेलंगाना समर्थक न्यायालय की व्यवस्था के विरोध में हैं। उनका कहना है कि 1956 में आंध्रप्रदेश राज्य में शामिल होते समय उन्हें दिए गए आश्वासन का यह उल्लंघन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications