बिहार चुनाव : नक्सलियों के बहिष्कार के बावजूद 51 प्रतिशत मतदान (राउंडअप)
राज्य निर्वाचन विभाग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुधीर कुमार राकेश ने बताया कि छठे चरण में कुल 60,07,706 मतदाताओं में से 51 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। औरंगाबाद जिले में 54 प्रतिशत, रोहतास और कैमूर में 51-51, बक्सर में 53 और सबसे कम गया जिले में 45़.4 प्रतिशत मत पड़े।
इस चरण में 43 महिलाओं सहित 426 प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होना है। छठे चरण के लिए 150 सहायक मतदान केंद्र सहित 6,911 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
उल्लेखनीय है कि इस चरण में 18 विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित थे और नक्सलियों ने चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की थी। सुरक्षा की दृष्टि से नक्सल प्रभावित 26 में से 18 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से तीन बजे तक जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से पांच बजे तक मतदान हुआ।
मतदान के इस छठे चरण में जिन 26 सीटों पर मतदान हुआ वे राज्य के पांच जिलों बक्सर, कैमूर, गया, औरंगाबाद और रोहतास जिलों के हैं। इस चरण में सबसे अधिक 31 प्रत्याशी सासाराम विधानसभा क्षेत्र से हैं तो सबसे कम दस-दस प्रत्याशी मोहनिया, चेनारी, कुटुम्बा और इमामगंज विधानसभा क्षेत्र से भाग्य आजमा रहे हैं।
उधर, कुछ मतदान केंद्रों पर विकास के नाम पर मतदान बहिष्कार की भी सूचना है।
छठे चरण के चुनाव में जिन दिग्गजों के भाग्य का फैसला होने वाला है, उनमें विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, विधानसभा में प्रतिपक्ष के उप नेता शकील अहमद, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह, राजद के प्रवक्ता इलियास हुसैन, शकील अहमद खान, नीतीश सरकार में मंत्री अवधेश नारायण सिंह, अनिल कुमार, छेदी पासवान के अलावा ददन पहलवान प्रमुख हैं।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो जाने पर खुशी प्रकट करते हुए इसका श्रेय पुलिसकर्मियों और जनता के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि इस चरण में मतदान में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार मतदान के दौरान गया और औरंगाबाद जिले के दो स्थानों से पुलिस ने बम बरामद किया, जबकि गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र में एक सूखी नदी में बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
उधर, इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में मैगरा और डुमरिया मार्ग पर मिले एक बम को निष्क्रिय करते समय हुए विस्फोट में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि दो पत्रकारों सहित सात लोग घायल हो गए।
इसके अलावा रोहतास जिले के कैमूर पहाड़ी पर तारडीह गांव के पास नक्सलियों और पुलिस के बीच सुबह आठ बजे से जारी मुठभेड़ तीन बजे समाप्त हो गया। राज्य के पुलिस महानिदेशक ने बताया कि मुठभेड़ में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
नीलमणि ने बताया कि छठे चरण के मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। राज्य से सटे झारखण्ड और उत्तर प्रदेश की सीमा को सील कर दिया गया।
राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी। राज्य में प्रथम चरण में मतदान 54 प्रतिशत, दूसरे चरण में 52.55, तीसरे चरण में 53.65, चौथे चरण में 51.10 और पांचवे चरण में 50 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications