भारत को नई 'पश्चिम की ओर देखो' नीति की जरूरत : अंसारी
एक सम्मेलन के दौरान अंसारी ने कहा, "पूर्वी एशिया के लिए संचालित की जा रही 'पूर्व की ओर देखो' नीति की तरह पश्चिम एशिया में भारत के हितों के संरक्षण और संवर्धन के लिए 'पश्चिम की ओर देखो' नीति अपनाने की जरूरत है।"
'भारत और जीसीसी देश, ईरान, इराक : उभरती सुरक्षा संभावनाएं' विषय पर भारतीय अंतर्राष्ट्रीय संबंध परिषद (आईसीडब्ल्यूए) द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में अंसारी ने कहा, "भारत के लिए इन क्षेत्रों का भौगोलिक और आर्थिक रूप से काफी महत्व है।"
इस दो दिवसीय सम्मेलन में भारत और इन क्षेत्रों के करीब 100 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
जीसीसी देशों में बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।
अंसारी ने कहा कि इन क्षेत्रों से भारत के सुरक्षा और स्थिरता, तेल एवं प्राकृतिक गैस संसाधनों पर पहुंच, फारस की खाड़ी से समुद्री परिवहन, भारतीय व्यापार के लिए बाजार पहुंच, भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षा और कल्याण के हित जुड़े हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications