पश्चिम बंगाल में 2 संदिग्ध नक्सली गिरफ्तार
बांकुड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक प्रणव कुमार ने बताया, "नक्सली दस्ते मदन महतो गुट के सदस्य और पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण कमेटी (पीसीएपीए) के जिलाध्यक्ष किंकर पाल को हिजली गांव के समीप से गिरफ्तार किया गया।"
कुमार ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "हमने खुफिया जानकारी के आधार पर शनिवार तड़के एक वन क्षेत्र की घेराबंदी की। किंकर के पास से हथियार और विस्फोटक बरामद किया गया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया।"
किंकर हत्या, आगजनी और लूटपात के नौ मामलों में वांछित था। वह नक्सलियों के समूह में वर्ष 1993 में शामिल हुआ था। पिछले साल लालगढ़ आंदोलन के दौरान बांकुड़ा लौट आया और पीसीएपीए का जिला सचिव बन गया।
एक दूसरी घटना में पुरुलिया जिले में शनिवार सुबह नक्सलियों से संदिग्ध रूप से सम्बंध रखने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक सुनील चौधरी ने बताया, "सुधीर हेमराम एक हत्या के मामले में शामिल रहा है। उसे अदालत के सामने पेश किया जाएगा।"
इस बीच, पश्चिमी मिदनापुर जिले में एकीकृत बाल विकास योजना (आईसीडीएस) की एक महिला कर्मचारी को नक्सलियों ने अगवा कर लिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "लालगढ़ के नजदीक के जमदा गांव की रहने वाली सम्प्रीति महतो शुक्रवार रात से लापता है। उसे संदिग्ध नक्सलियों के एक गुट ने अगवा कर लिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications