मप्र में राजमार्गो की दुर्दशा पर भाजपा का प्रदर्शन
भोपाल, 20 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को राजमार्गो की दुर्दशा के लिए केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश भर में पार्टी नेताओं ने पदयात्राएं कर केंद्र पर पक्षपात का आरेाप लगाया।
भाजपा का आरेाप है कि राष्ट्रीय राजमार्गो की मरम्मत के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने पिछले एक वर्ष से राशि मंजूर नहीं की है, जिसके चलते इन मार्गो की हालत खराब हो गई है। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गो की लंबाई चार हजार किलोमीटर से ज्यादा है जो मरम्मत के अभाव में गड्ढों में बदल गए हैं।
सरकार पर राज्य की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए भाजपा ने कई जगह विरोध प्रदर्शन किया। भोपाल में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि प्रदेश से चार-चार केंद्र में मंत्री हैं, इनमें सड़क परिवहन मंत्री कमलनाथ भी शामिल हैं, इसके बावजूद राजमार्गो का बुरा हाल है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी और महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष साधना सिंह भी मौजूद थीं।
उधर, हरदा जिले के टिमरनी में विधायक संजय शाह ने राजमार्ग पर अनोखे तरह से प्रदर्शन किया। उन्होंने राजमार्ग पर पानी से भरे गड्ढों में मछलियां छोड़ी और फसल की बुआई की।
ज्ञात हो कि राजमार्गो की हालत में सुधार के लिए मुख्यमंत्री चौहान केंद्रीय मंत्री कमलनाथ से संपर्क कर चुके हैं।
राजमार्गो की दुर्दशा को लेकर रीवा में पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, शाजापुर में संगठन महामत्री माखन सिंह, सीहोर में कैलाश सारंग, छिंदवाड़ा में प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूइया उइके, सतना में प्रदेश मंत्री व सांसद गणेश सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications