भाजपा का विकल्पों पर विचार, येदियुरप्पा का इस्तीफे से इंकार (लीड-2)
भाजपा प्रवक्ता रवि शंकर प्रसाद ने यहां कहा, "पार्टी ने मुख्यमंत्री को तलब किया था, उनकी बातों को सुनने के बाद पार्टी को विवाद पूरी तरह से समझ में आ गया है।"
प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों ने आवंटित जमीन पहले ही लौटा दी है।
येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के सवाल पर प्रसाद ने कहा, "मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी है, जिस पर राष्ट्रीय नेतृत्व विचार कर रहा है।"
उधर, नई दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मिलने के बाद हुबली पहुंचे येदियुरप्पा ने पत्रकारों को बताया कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी और अन्य पार्टियों से सम्बद्ध जो लोग मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, उन्हें अपने सपने को साकार करने के लिए अगले विधानसभा चुनाव तक अभी ढाई साल और इंतजार करना होगा।
येदियुरप्पा ने कहा, "मुख्यमंत्री बनने का सपना देखने में कोई बुराई नहीं है। लेकिन पार्टी मेरे नेतृत्व में सत्ता में आई थी और पार्टी अगला चुनाव भी मेरे नेतृत्व में लड़ेगी।"
येदियुरप्पा ने कहा, "मैं पार्टी नेताओं और अपने सांसदों के साथ आगे की बातचीत के लिए सोमवार को वापस दिल्ली जाऊंगा।"
शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी के आवास पर मुख्यमंत्री, राज्य के वरिष्ठ और पार्टी के नेताओं ने तीन घंटे से अधिक समय तक बैठक की। बैठक के बाद पार्टी ने कहा कि मौजूदा संकट से निकलने के लिए वह आगे बातचीत करेगी।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने पत्रकारों को बताया, "पार्टी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श का आयोजन किया था। वह अपनी वार्ता से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराएंगे। अगली बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता इस मामले में निर्णय लेंगे।"
भाजपा सूत्रों ने नई दिल्ली में बताया कि विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए भाई भतीजावाद के आरोपों से उत्पन्न ताजा 'संकट' का हल निकालने के लिए मुख्यमंत्री पार्टी के वरिष्ठ नेता एल.के. आडवाणी से मुलाकात कर सकते हैं। विपक्ष ने मुख्यमंत्री पर बेंगलुरू में अपने परिवार के सदस्यों को भूमि आवंटित करने का आरोप लगाया है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी येदियुरप्पा पर अगले कुछ दिनों में फैसला कर सकती है, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि उन्हें मुख्यमंत्री पद पर बने रहने दिया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications