बिहार चुनाव : अंतिम चरण में 26 सीटों के लिए मतदान सम्पन्न (लीड-3)
सुरक्षा के दृष्टिकोण से नक्सल प्रभावित 18 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से तीन बजे तक जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से पांच बजे तक मतदान हुआ।
मतदान के इस छठे चरण में जिन 26 सीटों पर मतदान हुआ वे राज्य के पांच जिलों बक्सर, कैमूर, गया, औरंगाबाद और रोहतास जिलों की हैं। इस चरण में सबसे अधिक 31 प्रत्याशी सासाराम विधानसभा क्षेत्र में हैं तो सबसे कम दस-दस प्रत्याशी मोहनिया, चेनारी, कुटुम्बा और इमामगंज विधानसभा क्षेत्र से भाग्य आजमा रहे हैं।
छठे चरण के मतदान में 50 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, कुछ मतदान केन्द्रों में मतदान के बहिष्कार की भी सूचना मिली है। पुलिस राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार मतदान में गड़बड़ी फैलाने के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें सबसे ज्यादा रोहतास जिले से 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गया जिले के इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के देवचंडी इलाके के मतदान केन्द्र संख्या 69 पर तथा औरंगाबाद के देव थाना क्षेत्र के पचपोखर क्षेत्र से पुलिस ने एक-एक बम बरामद किया है जबकि इसी जिले के डोभी थाना क्षेत्र में एक सूखी नदी में बारूदी सुरंग विस्फोट होने से दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गये हैं। इधर, इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में मैगरा और डुमरिया मार्ग पर मिले एक बम को निष्क्रिय करने के दौरान दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई जबकि दो पत्रकारों समेत सात लोग घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
इधर, रोहतास जिले के कैमूर पहाड़ी पर तारडीह गांव के पास नक्सलियों और पुलिस के बीच सुबह आठ बजे से प्रारंभ मुठभेड़ तीन बजे समाप्त हो गई। राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि इस मुठभेड़ में अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान अब तक कहीं से बड़ी घटना की सूचना नहीं है।
नीलमणि ने बताया कि गया और औरंगाबाद जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर जबकि रोहतास, कैमूर, एवं बक्सर जिले के 90 से 95 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय अद्र्घसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए थे। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के चार हेलीकॉप्टर एम आर-17 और ध्रुव से मतदान वाले क्षेत्रों पर निगरानी रखी गई। राज्य से सटे झारखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा को सील कर दिया गया।
इस चरण में कुल 43 महिलाओं सहित 426 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग करने के लिए 150 सहायक मतदान केन्द्र समेत 6,911 मतदान केन्द्र बनाये गये। राज्य की सभी 243 सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications