2जी स्पेक्ट्रम मामले में दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा : प्रधानमंत्री
दिल्ली में 'हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप सम्मिट' में शनिवार को प्रधानमंत्री ने कहा, "इस बात को लेकर किसी को संदेह नहीं होना चाहिए कि दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।"
मनमोहन सिंह ने कहा कि संसद की कार्यवाही शुरू होने पर वह इस मामले में विस्तृत बयान देंगे। उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे वैधानिक प्रकिया में अवरोध न पैदा करें।
हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद से विपक्ष का हमला और तेज हो गया है। इस मामले में दूरसंचार मंत्री पद से ए. राजा पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, "इस मामले में मैं यह कह सकता हूं कि एजेंसियां विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं। हम संसद में सभी मसलों पर चर्चा के लिए तैयार हैं। हम चर्चा से नहीं डरते।"
उन्होंने कहा कि देश को इसकी जरूरत है कि संसदीय कार्यप्रणाली नियमित रूप से चले। सिंह ने कहा, "मैं सभी पार्टियों से आग्रह करता हूं कि वे संसदीय कामकाज को चलने दें।"
गौरतलब है कि विपक्ष इस मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने पर अड़ा हुआ है और इसी को लेकर बीते दो सप्ताह से संसद के शीतकालीन सत्र में कोई कामकाज नहीं हो सका।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications