ओबामा ने अमेरिकी सिखों के योगदान की सराहना की
वाशिंगटन, 20 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की जयंती के अवसर पर शुभकामना संदेश में कहा है कि देश के विकास में अमेरिकी सिखों ने कई सारे योगदान दिए हैं।
ओबामा ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा, "अमेरिकी सिखों ने हमारे देश में जो योगदान दिए हैं, उसे पहचानने, तथा बहुलतावाद पर जोर देने का यह एक अवसर है, जो कि अमेरिका की पहचान है।"
ओबामा ने कहा, "मैं उन सभी को शुभकामनाएं देता हूं जो इस असाधारण पर्व का उत्सव मना रहे हैं।"
बयान में कहा गया है, "सिख धर्म में निहित बराबरी, सेवा, आपसी सहयोग और आदर के सिद्धांत, ऐसे सिद्धांत हैं, जो सभी अमेरिकियों में हैं। जिस तरह सिख गुरु नानक देव की जयंती मनाते हैं, उसी तरह अच्छे लोग हर जगह, मानव जाति की समानता और दूसरों की सेवा में करुणा की आवश्यकता पर गुरु नानक देव की शिक्षाओं से सीख ले सकते हैं।"
सिखों के प्रति ओबामा का यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब कुछ ही सप्ताह पूर्व उन्होंने भारत दौरे के दौरान अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर का दौरा स्थगित कर सिखों को निराश किया था।
व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने ओबामा के भारत दौरे पर निकलने के पूर्व कहा था कि भारत एक बड़ा देश है और राष्ट्रपति के पास इतना समय नहीं है कि वे उस दौरान सबकुछ निपटा सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications