बिहार चुनाव : 6 संदिग्ध नक्सली गिरफ्तार
पटना, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा के लिए छठे चरण का मतदान आरम्भ होने से ठीक पहले रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र से शनिवार तड़के सुरक्षा बलों ने हथियारों सहित छह संदिग्ध नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारी नौहट्टा थाना क्षेत्र के बौलिया इलाके से हुई। गिरफ्तार नक्सलियों में कई हार्डकोर नक्सली भी शामिल हैं।
रोहतास जिले के पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के पास से कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि ये नक्सली मतदान में व्यवधान पैदा करने के फिराक में थे।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के छठे चरण के तहत रोहतास जिले की सभी विधानसभा सीटों सहित 26 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications