2जी स्पेक्ट्रम: 'प्रधानमंत्री के साथ, पर सच्चाई सामने आए'
कोलकाता, 20 नवंबर (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और रेल मंत्री ममता बनर्जी कहा है कि 2जी स्पेक्ट्रम विवाद में उनकी पार्टी प्रधानमंत्री के साथ है लेकिन इस कथित घोटाले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार रात केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "हम पहले भी प्रधानमंत्री के साथ थे। आज भी हम उनके साथ हैं। हम संसद में विपक्ष की चुनौतियों का मिलकर सामना करेंगे।"
ममता ने कहा, "हम संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को पांच वर्षो तक समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करेंगे। यह सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।"
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 2जी स्पेक्ट्रम मामले पर संसद में चर्चा के पक्ष में है। रेल मंत्री ने कहा, "हम भी इस मसले पर चर्चा चाहते हैं। इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications