पाकिस्तान को 6 नए एफ-16 विमान मिले
इस्लामाबाद, 20 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान को अमेरिका से छह युद्धक विमानों की एक नई खेप शनिवार को हासिल हो गई।
ब्लॉक-52 एफ-16 विमानों की इस नई खेप के साथ ही पाकिस्तान को इस साल मिले इस लड़ाकू विमानों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
इन विमानों को पाकिस्तान के सिंध प्रांत में जकोबाबाद के निकट शाहबाज वायु सैनिक अड्डे पर उतारा गया।
विमान देने से पहले अमेरिकी वायु सेना ने पाकिस्तानी पायलटों को इस विमान को उड़ाने का प्रशिक्षण दिया। ये पायलट ही इन विमानों को लेकर पाकिस्तान आए।
इससे पहले इन्हीं विमानों की तीन-तीन की संख्या में दो खेप इसी साल जून और अक्टूबर में पाकिस्तान को मिली थी। छह विमानों की एक और खेप दिसंबर 2010 अंत तक दी जाएगी।
पाकिस्तान ने इस श्रेणी के 18 विमानों के लिए अमेरिका से 2008 में सौदा किया था। इसके तहत पाकिस्तानी वायु सेना में पहले से मौजूद इसी श्रेणी के अन्य 24 विमानों का नवीकरण किया जाना भी शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications