प्रणब ने बुद्धदेब की प्रशंसा की
मुखर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के सूती-आई ब्लाक में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के परिसर की आधारशिला रखने के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा, "बुद्धदेब बाबू विकास परियोजनाओं में हमेशा अपना मदद का हाथ बढ़ाते हैं। उन्होंने यहां अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का परिसर लाने में भी मदद की है।"
मुखर्जी ने भट्टाचार्य की उस टिप्पणी का भी समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुर्शिदाबाद में एएमयू का परिसर खोलने का विचार सबसे पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्यसभा सदस्य मोइनुल हसन ने दिया था। यह सुझाव उन्होंने तब दिया था, जब उन्हें पता चला था कि एएमयू देश के अन्य हिस्सों में भी केंद्र स्थापित करना चाहता है।
मुखर्जी ने कहा, "हम संयुक्त प्रयासों से इस परियोजना को आगे बढ़ा पाए हैं और आज इसकी आधारशिला रख पाए हैं।"
भट्टाचार्य ने भी मुखर्जी की प्रशंसा करने में कोई संकोच नहीं किया। उन्होंने मुखर्जी को सम्मानित नेता करार दिया। भट्टाचार्य ने कहा कि एएमयू के विस्तार की योजना के बारे में पता चलने के साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था।
भट्टाचार्य ने कहा, "और निश्चितरूप से, मैंने प्रणबदा से सम्पर्क किया, और उनसे कहा कि आपके मदद बगैर हम आगे नहीं बढ़ सकते।"
यह कार्यक्रम मुर्शिदाबाद जिला मुख्यालय, बहरामपुर से कोई 60 किलोमीटर दूर आयोजित था। मुर्शिदाबाद, राज्य का एक पिछड़ा और मुस्लिम बाहुल्य जिला है।
इससे पहले मुखर्जी ने शुक्रवार देर रात संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) में सहयोगी और रेल मंत्री ममता बनर्जी से उनके दक्षिण कोलकाता स्थित आवास पर मुलाकात की थी और 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर जारी विवाद में उनकी पार्टी का समर्थन मांगा था।
मुलाकात के बाद बनर्जी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रति अपनी पार्टी के समर्थन को दोहराया था। उन्होंने कहा था, "हम प्रधानमंत्री के साथ थे। हम प्रधानमंत्री के साथ हैं। और हम प्रधानमंत्री के साथ रहेंगे। हम संसद में विपक्ष की चुनौतियों का एकजुट होकर मुकाबला करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications