विदर्भ विकास कार्यो की मासिक समीक्षा करेंगे चव्हाण
मुम्बई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के नेतृत्व में बनी नई महाराष्ट्र सरकार ने विदर्भ क्षेत्र में विकास कार्यो को प्राथमिकता देने की बात कही है। विदर्भ देश का वह हिस्सा है जहां किसानों के आत्महत्या करने की घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं।
यह घोषणा करते हुए चव्हाण ने यहां संवाददाताओं से कहा कि विदर्भ से जुड़े विकास के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा, "हम मासिक आधार पर विकास कार्यो और क्षेत्र के लिए शुरू की गई विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।" चव्हाण ने उनके मंत्री परिषद की पहली बैठक के बाद यह बात कही।
चव्हाण ने कहा कि विकास कार्यो की निगरानी और समीक्षा के तौर-तरीकों पर जल्दी ही काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को लागू करने में बरती गई ढिलाई और उन पर हुए खर्च के आधार पर यह जांचेगी की लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कितने प्रयास किए गए।
विदर्भ में पूर्वी महाराष्ट्र के 11 जिले आते हैं। पिछले कुछ सालों के दौरान यहां कथित तौर पर 7,000 किसानों ने आत्महत्याएं की हैं।
अब तक इस क्षेत्र के लिए करीब 10,000 करोड़ रुपये की चार प्रमुख विकास योजनाओं की घोषणा की गई है। इनमें से एक योजना की घोषणा प्रधानमंत्री ने की थी।
चव्हाण ने यह घोषणा भी की कि महाराष्ट्र विधानसभा का आगामी शीतकालीन सत्र नागपुर में एक दिसम्बर से शुरू होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications