हिमाचल प्रदेश में नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित होंगे
राज्य के उद्योग मंत्री किशन कपूर ने नई दिल्ली में चल रहे भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में हिमाचल दिवस के अवसर पर कहा कि पंजाब से सटे क्षेत्रों में औद्योगिक घरानों ने नई इकाइयों की स्थापना के प्रस्ताव दिए हैं, जिसके चलते राज्य सरकार ने सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में छह नए स्थानों पर लगभग 5,000 बीघा भूमि को औद्योगिक घरानों को प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की है।
उन्होंने बताया कि राज्य के कांगड़ा जिले के संसारपुर, टैरिस, मिलवां, कन्द्रोड़ी तथा इंदौर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए 12,000 बीघा भूमि चिन्हित की गई है। उन्होंने बताया कि इस समय राज्य सरकार के पास औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए 8,000 बीघा भूमि उपलब्ध है तथा राज्य में एक औद्योगिक भूमि बैंक की स्थापना की जायेगी ताकि भविष्य में निवेश करने वाले सभी औद्योगिक घरानों को तत्काल भूमि उपलब्ध करवाई जा सके।
कपूर ने कहा कि राज्य में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार देश के प्रमुख औद्योगिक नगरों में हिमाचल उत्सव का आयोजन करेगी। जनवरी 2011 में मुम्बई में पहला उत्सव आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऊना जिले में निजी क्षेत्र में एक टैक्सटाइल पार्क की स्थापना की जा रही है जिसमें मुबलिक 350 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 2,000 लोगों को प्रत्यक्ष व लगभग 10,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications