येदियुरप्पा का इस्तीफा देने से इंकार
येदियुरप्पा ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी और अन्य पार्टियों से सम्बद्ध जो लोग मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, उन्हें अपने सपने को साकार करने के लिए अगले विधानसभा चुनाव तक अभी ढाई साल और इंतजार करना होगा।
येदियुरप्पा ने कहा, "मुख्यमंत्री बनने का सपना देखने में कोई बुराई नहीं है। लेकिन पार्टी मेरे नेतृत्व में सत्ता में आई थी और पार्टी अगला चुनाव भी मेरे नेतृत्व में लड़ेगी।"
येदियुरप्पा ने नई दिल्ली से उत्तर कर्नाटक के हुबली पहुंचने के बाद संवाददाताओं को बताया, "यदि उसके बाद पार्टी नेतृत्व किसी और को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लेता है तो मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी।"
येदियुरप्पा ने कहा, "मैं पार्टी नेताओं और अपने सांसदों के साथ आगे की बातचीत के लिए सोमवार को वापस दिल्ली जाऊंगा।" येदियुरप्पा ने राजधानी दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ एक लम्बी बैठक में हिस्सा लिया, जो शनिवार तड़के समाप्त हुई।
येदियुरप्पा के भाग्य का फैसला करने के लिए बुलाई गई यह बैठक शुक्रवार रात लगभग 10.30 बजे शुरू हुई थी और तीन घंटे से अधिक समय तक चर्चा के बाद समाप्त हुई।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरूण जेटली ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि किसी नतीजे पर पहुंचने के लिए केंद्रीय नेताओं के साथ फिर बैठक आयोजित की जाएगी।
येदियुरप्पा ने कहा है कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों को भूखंड आवंटित करने में कुछ भी गलत नहीं किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications