2जी स्पेक्ट्रम : कांग्रेस की बैठक में कई विकल्पों पर चर्चा
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि सरकार 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला सहित अन्य घोटालों के आरोपों पर ससंद में चर्चा कराने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि यदि चर्चा होती है तो उसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समय में दूरसंचार मंत्रालय के कामकाज पर भी चर्चा की जाएगी।
दो घंटे तक चली बैठक के बाद कांग्रेस ने कोई आधिकारिक रूप से बयान नहीं दिया। पार्टी की यह बैठक सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में प्रधानमंत्री के जवाब पर हलफनामा दायर करने और संसद की कार्यवाही लगातार पांचवें दिन स्थगित होने पर हुई है।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि बैठक में कई विकल्पों पर विचार किया गया। इनमें 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन की जांच एक जेपीसी से कराने की मांग स्वीकार करने के बारे में भी विचार किया गया।
सूत्रों के अनुसार जेपीसी की जांच का दायरा 10 से 15 वर्षो तक का होगा। जेपीसी राजग और राष्ट्रीय मोर्चा सरकार के समय में दूरसंचार मंत्रालय द्वारा लिए गए निर्णयों की भी जांच करेगी।
कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "जेपीसी की जांच के दायरे में राजग के कार्यकाल में दूरसंचार मंत्री प्रमोद महाजन और अरुण शौरी के निर्णय भी जांच के दायरे में आएंगे।"
बैठक में रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी, गृह मंत्री पी. चिदंबरम और दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल सहित अन्य नेता शामिल हुए।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार को संसद में बयान दे सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications