राष्ट्रपति ने सत्य साईं बाबा से मांगा आशीर्वाद
पुट्टापर्ति, 19 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने शुक्रवार को सत्य साईं बाबा से आशीर्वाद मांगा और 85वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी।
पाटील ने यहां सत्य साईं बाबा के जन्मदिन उत्सव के क्रम में आयोजित महिला दिवस समारोह को संबोधित किया। बाद में वह बाबा के आश्रम प्रशांति निलयम गईं और उनसे आशीर्वाद मांगा।
इस मौके पर सेमिनार को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने बाबा को 23 नवंबर को होने वाले उनके जन्मदिवस के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह सचमुच बाबा की कल्याणकारी गतिविधियों से प्रभावित हैं।
पाटील ने कहा, "यहां मुफ्त सेवाएं दी जाती हैं और स्नेहपूर्ण वातावरण में समाज के गरीब तबकों एवं महिलाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है। उल्लेखनीय है कि बाबा ने ये गतिविधियां वर्षो पहले अपनी मां को दिया वचन निभाने के लिए चलाई हैं।"
उन्होंने कहा कि बाबा का प्रयास हर किसी की मदद करने का रहा है, ताकि लोगों में आत्मज्ञान और आत्मविश्वास उत्पन्न हो।
महिला दिवस समारोह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती से जुड़ा होने के कारण पाटील ने उन्हें भी अपनी श्रद्धांजलि दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications