प्रधानमंत्री पर आरोप राजनीति से प्रेरित : कांग्रेस
नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में विपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर लगाए जा रहे आरोपों से बचाव करने के लिए कांग्रेस शुक्रवार को खुलकर सामने आ गई। उसने प्रधानमंत्री पर विपक्ष के आरोपों को 'राजनीति और दुर्भावना' से प्रेरित बताया।
पार्टी के महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने कहा, "राजनीति से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। सभी लोग जानते हैं प्रधानमंत्री की ईमानदारी और विश्वसनीयता संदेह से परे है।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पर लगाए गए आरोप 'दुर्भावना' से प्रेरित हैं।
द्विवेदी का यह बयान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन गडकरी की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया है कि उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) को 'देश को लूटने' की 'पूरी आजादी' दी।
उल्लेखनीय है कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में संलिप्तता के आरोपों के चलते ए. राजा ने गत 14 नवंबर को केंद्रीय दूरसंचार मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन पर आरोप है कि उनके निर्णयों से देश के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications