2जी स्पेक्ट्रम कीमत को 3जी से जोड़ना गलत : मुखर्जी
मुखर्जी 'एचटी लीडरशिप समिट 2010' में बोल रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस तरह का आकलन दूसरे क्षेत्र में हो रहे अनुभव के बाद ही किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि शुरू में मैंने 35,000 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया था। अब कुछ लोग कहते हैं कि मैंने जानबूझकर कम आकलन किया था। मुझे लगता है कि यह सही नहीं है। यह कभी-कभी हो जाता है।
कैग ने मंगलवार को संसद को सौंपी अपनी रिपोर्ट में तत्कालीन दूरसंचार मंत्री ए. राजा पर 2जी स्पेक्ट्रम के आवंटन में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है और कहा है कि इससे सरकार को 58,000 करोड़ रुपये से 1.76 लाख करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ है।
वित्त मंत्री ने कहा कि कैग की रिपोर्ट अंतरिम प्रकृति की है। इससे संबंधित और भी प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं।
उन्होंने कहा कि वे कैग की रिपोर्ट पर संदेह नहीं कर रहे हैं। लेकिन यह अंतिम नहीं है। अभी लोक लेखा समिति इसकी समीक्षा कर रही है।
इससे पहले गुरुवार को दूरसंचार नियामक ने 2जी स्पेक्ट्रम में कुल 130 लाइसेंसों के आवंटन में से 69 को रद्द करने का सुझाव दिया है।
इस मुद्दे पर राजनीति के गलियारे में हंगामा काफी तेज हो गया है और पिछले छह दिनों से संसद का कामकाज बाधित हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications