आंध्र में पुलिस भर्ती परीक्षा टली, टीआरएस का बंद वापस
अलग तेलंगाना राज्य की मांग को लेकर एक दिन पहले उस्मानिया विश्वविद्यालय में हिंसक प्रदर्शन हुए। राज्य की गृह मंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि हालात को देखते हुए सरकार 18 एवं 19 दिसंबर को होने वाली लिखित परीक्षा स्थगित करने जा रही है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा राज्य में शांति बहाली के बाद ली जाएगी। उन्होंने प्रदर्शनकारी समूहों से भर्ती प्रक्रिया में सहयोग देने की अपील की।
रेड्डी की घोषणा के बाद तेलंगाना राष्ट्र समिति ने शनिवार के बंद को वापस ले लिया है। इस बीच तनावपूर्ण स्थिति के कारण उस्मानिया विश्वविद्यालय में होने वाले समारोहों के आयोजन स्थल बदल दिए गए हैं।
इसे तेलंगाना की जीत बताते हुए छात्रों की संयुक्त कार्य समिति (जेएसी) ने विश्वविद्यालय परिसर में रैली निकाली। वे 'जय तेलंगाना' का नारा लगा रहे थे और मिठाइयां बांट रहे थे तथा ढोलों की थाप पर नाच रहे थे।
ऐसे ही दृश्य वारंगल के काकतिया विश्वविद्यालय, महबूबनगर के पालामुरू विश्वविद्यालय एवं तेलंगाना क्षत्र के अन्य विश्वविद्यालयों में भी देखे गए।
अलग तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर सरकार की घोषणा से आंध्र एवं रायलसीमा क्षेत्रों के छात्र समूहों में नाराजगी दिखाई दी। विशाखापत्तनम स्थित आंध्र विश्वविद्यालय में छात्रों ने प्रदर्शन किया। आंध्र जेएसी ने आरोप लगाया कि सरकार तेलंगाना क्षेत्र के कुछ दवाब में आकर इस मुद्दे पर अपनी बात बदल रही है।
तिरुपति स्थित श्रीवेंकटेश्वर विश्वविद्यालय एवं अनंतपुर स्थित श्रीकृष्णदेवराय विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपनी कक्षाओं का बहिष्कार किया और सरकार विरोधी प्रदर्शन किया।
इससे पहले गुरुवार को रातभर चले हिंसक प्रदर्शनों और पुलिस की गोलीबारी के कारण उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में तनाव व्याप्त रहा। अपने नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में छात्रों ने शुक्रवार को परिसर स्थित थाने पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी गिरफ्तार कर लिए गए।
परिसर में कानून एवं व्यवस्था बहाल रखने के लिए अर्धसैनिक त्वरित कार्य बल (आरएएफ) को तैनात किया गया।
पुलिस की कार्रवाई के विरोध में हैदराबाद के कुछ हिस्सों एवं तेलंगाना क्षेत्र के अन्य नौ जिलों में जेएसी के आह्वान पर शैक्षिक संस्थाएं बंद रहीं।
गुरुवार की रात पुलिस ने हिंसक प्रदर्शन कर रहे छात्रों को तितर-बितर करने के लिए रबर की गोलियां चलाईं और आंसूगैस के गोले दागे। इस दौरान छात्रों ने परिसर के आसपास तथा अन्य इलाकों टरनाका, हब्सीगुडा में बसों और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
रबर की गोली लगने से एक-एक व्यक्ति घायल हो गया। इससे पहले पुलिस के साथ हुई झड़प में पांच छात्र जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications