संसद की कार्यवाही चलने दे विपक्ष : मुखर्जी
केनरा बैंक की 105वीं वर्षगांठ पर आयोजित एक समारोह से इतर वित्त मंत्री ने पत्रकारों से कहा, "संसद में जिस तरह का माहौल उत्पन्न किया जा रहा है, उससे मैं काफी चिंतित हूं। इससे संसद में कामकाज नहीं हो पा रहा है। इसलिए मैं सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध करता हूं कि वे इसका हल निकालने की कोशिश करें।"
2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की जांच एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग को लेकर विपक्ष के सांसद संसद की कार्यवाही चलने नहीं दे रहे हैं। उनके विरोध को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। संसद की कार्यवाही छठी बार स्थगित करनी पड़ी है।
ज्ञात हो कि स्पेक्ट्रम आवंटन की जांच जेपीसी से कराने की विपक्ष की मांग से उत्पन्न गतिरोध के चलते गत नौ नवंबर से शुरू हुए शीतकालीन सत्र में व्यावहारिक रूप से कामकाज नहीं हो सका है।
मुखर्जी से यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार विपक्ष की मांग स्वीकार करेगी। इस पर उन्होंने कहा, "मैं और सरकार जेपीसी के पक्ष में नहीं हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि मामले की जांच नहीं की जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि विपक्ष गत छह दिनों से 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन की जांच जेपीसी से कराने की मांग कर रहा है। माना जा रहा है कि मनमाने ढंग से किए गए स्पेक्ट्रम आवंटन से देश के राजकोष को 1.76 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
मुखर्जी ने कहा, "मैं विपक्ष से अनुरोध करूंगा कि वे संसद की कार्यवाही में अवरोध उत्पन्न न करें। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट की जांच लोक लेखा समिति करेगी। इसके बाद सरकार देखेगी कि इस मामले में किस तरह की कार्रवाई की जरूरत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications