वायुसेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त,12 रक्षाकर्मी शहीद (लीड-1)
तवांग (अरूणाचल प्रदेश), 19 नवंबर (आईएएनएस)। चीन की सीमा से लगे अरूणाचल प्रदेश में शुक्रवार को वायु सेना (आईएएफ) का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कारण 12 रक्षा कर्मी शहीद हो गए। शहीद होने वालों में 11 वायु सेना से सम्बद्ध थे।
एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय वायु सेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर दोपहर में तवांग से उड़ान भरने के तत्काल बाद 14,000 फुट की ऊंचाई पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
रक्षा प्रवक्ता आर.कालिया ने आईएएनएस को बताया, "12 रक्षा कर्मियों को लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर एक पहाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में सवार सभी व्यक्तियों के शव तवांग से लगे बाम्बदीर नामक स्थान से बरामद कर लिए गए हैं।"
मृतकों में 11 व्यक्ति वायुसेना से तथा एक थल सेना से सम्बद्ध थे।
अधिकारी ने कहा, "हेलीकॉप्टर तवांग से गुवाहाटी (असम) के रास्ते में था। उड़ान भरने के साथ ही वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।" शहीद हुए अधिकांश जवान चीन के तिब्बत क्षेत्र से लगी सीमावर्ती चौकियों पर तैनात थे।
वायुसेना ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
कालिया ने कहा, "हमें इस बारे में जानकारी नहीं है कि किन कारणों से दुर्घटना घटी। केवल विशेष ही हमें इस बारे में बता सकेंगे कि आखिर क्या गड़बड़ी हुई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications